
हिमाचल में सरकार व संगठन में बदलाव की चर्चा के बीच दिल्ली में मंगलवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अलग-अलग प्रदेश कांग्रेस की नवनियुक्त प्रभारी रजनी पाटिल से मुलाकात की। दोनों ने पाटिल को हिमाचल कांग्रेस के प्रभारी का दायित्व दोबारा सौंपने की बधाई दी।संगठन सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री और मंत्री दोनों ने पाटिल से हिमाचल में जल्द नया संगठन बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की है। मुख्यमंत्री और रजनी पाटिल की बैठक काफी लंबी चली। सूत्र बताते हैं कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर दोनों नेताओं में चर्चा हुई है। प्रतिभा सिंह का तीन वर्ष का कार्यकाल अप्रैल 2025 में पूरा होने जा रहा है।


