
हिमाचल प्रदेश में पहुंचने वाले सैलानियों के ग्राफ में फिर से बढ़ोतरी होने लगी है। पर्यटन सबसे बड़े आर्थिक क्षेत्रों में से एक है, जो रोजगार पैदा करता है, निर्यात बढ़ाता है और समृद्धि पैदा करता है। हिमाचल हाल के वर्षों में विदेशी और घरेलू दोनों यात्रियों के लिए एक प्रसिद्ध गंतव्य के रूप में उभरा है। हिमाचल प्रदेश के सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) में पर्यटन उद्योग का योगदान 7.78 प्रतिशत है। घरेलू पर्यटकों का आगमन 2022 में 150.99 लाख और 2023 में 160.05 लाख से बढक़र 2024 में 181.24 लाख हो गया है। 2017 में रिकार्ड 196 लाख और 2019 में 172.12 लाख टूरिस्ट हिमाचल पहुंचे थे, जबकि 2020 में यह आंकड़ा गिरकर 32.13 लाख और 2021 में 56.37 लाख रहा था।
