
हिमाचल प्रदेश में बकरी बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गई महिला, बुद्धि देवी घायल अवस्था में करसोग अस्पताल में भर्ती

हिमाचल प्रदेश में उपमंडल करसोग के गलू गांव में जंगल के किनारे तेंदुए ने बकरी पर हमला कर दिया। बकरी को बचाने के लिए रास्ते से गुजर रही महिला तेंदुए से भिड़ गई। महिला के चिल्लाने पर बकरी चरा रहा चरवाहा महिला को बचाने के लिए दौड़ा। शोर मचाकर अन्य ग्रामीणों को भी बुला लिया और महिला को तेंदुए से बचा लिया। इसके बाद तेंदुआ भी भाग गया। बकरी भी सुरक्षित है। हमले में महिला के चेहरे पर तेंदुए के पंजे से खरोंचे लगने से वह घायल हो गई।महिला को स्थानीय लोगों ने पालकी पर उठाकर सड़क तक पहुंचाया और प्राथमिक उपचार के लिए नागरिक चिकित्सालय करसोग लाया गया। अस्पताल में महिला का उपचार चल रहा है। महिला नांज चोआ की रहने वाली है।

